चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित जीवक अस्पताल में सोमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। अस्पताल में भर्ती 55 वर्षीय महिला लक्ष्मीना की एक युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीना बिहार के भभुआ की रहने वाली थीं। पैर टूटने के बाद उनका ऑपरेशन हुआ था और वह अस्पताल के वार्ड में भर्ती थीं। इसी दौरान एक युवक इलाज कराने और बीपी की दवा लेने के बहाने अस्पताल पहुंचा। दवा लेने के बाद वह वार्ड में गया और अचानक महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद भागते समय आरोपी ने अस्पताल परिसर में एक और फायरिंग की। इसके बाद वह बाइक से फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर अपने साथ थाने ले गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

