वादों से नहीं, काम से पहचान बना रहे अमेठी के अनिल पांडेय
जहां आज के दौर में समाजसेवा अक्सर राजनीति और प्रचार से जुड़कर देखी जाती है, वहीं संग्रामपुर ब्लॉक के ठेंगहा ग्राम सभा अंतर्गत हरिवंशपुर गांव के निवासी अनिल कुमार पांडेय ने इस धारणा को बदलने का काम किया है। बिना किसी सरकारी पद और बिना किसी प्रचार के वे लगातार ऐसे कार्य कर रहे हैं, जो सीधे तौर पर लोगों की जिंदगी में बदलाव ला रहे हैं।
अनिल कुमार पांडेय ने अपने निजी खर्च से ग्राम सभा के करीब 60 सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर सोलर लाइटें लगवाकर गांव की तस्वीर बदल दी है। पहले जहां अंधेरे के कारण लोगों को रात में निकलने में डर लगता था, वहीं अब वही रास्ते रोशनी से जगमगा रहे हैं। ग्रामीणों के लिए यह पहल किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने छोटे भाई की पुण्य स्मृति में गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। इससे पहले भी वे सैकड़ों लोगों को सर्दी से बचाने के लिए कंबल दे चुके हैं। यह काम उन्होंने किसी योजना के तहत नहीं, बल्कि अपने मन से किया, जो लोगों के दिल को छू गया।
यही नहीं, बच्चों की परेशानी को समझते हुए उन्होंने श्री रणंजय इंटर कॉलेज, ठेंगहा में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से पांच पंखे देने का निर्णय लिया है। पंखे खरीदे जा चुके हैं और जल्द ही स्कूल में लग जाएंगे।
स्थानीय लोग कहते हैं कि अनिल पांडेय ने यह साबित कर दिया है कि समाजसेवा के लिए किसी पद या ताकत की नहीं, बल्कि सच्ची नीयत की जरूरत होती है। जब कई लोग चुनाव के समय वादों की झड़ी लगाते हैं, तब ऐसे लोग चुपचाप काम करके असली बदलाव की मिसाल पेश करते हैं।



