धमतरी:छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले तीन घंटों के भीतर बस्तर, दंतेवाड़ा, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर और कोंडागांव जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान हवाओं की गति काफी तेज रह सकती है, जिससे पेड़, होर्डिंग्स और बिजली के खंभे गिरने का खतरा बना हुआ है। इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं जान-माल के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती हैं।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों में ही सुरक्षित रहें। खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने और अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।
किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कटी हुई फसलों और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

