By-आदित्य मिश्र अमेठी
अमेठी में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत मोहनगंज थाना क्षेत्र की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहां एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया।
UP Breaking
जानकारी के अनुसार, मोहनगंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भेलाई कला गांव निवासी मेराज पुत्र रियाज अहमद को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 74 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग साढ़े सात लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मेराज एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ अमेठी जिले के मोहनगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित 9 गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा पड़ोसी जनपद रायबरेली के महाराजगंज थाने में भी उसके खिलाफ एक मामला दर्ज है। इस प्रकार आरोपी पर कुल 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

