यशवंत गंजीर धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की अकाल और दर्दनाक मौत हो गई है। महज 24 घंटे के भीतर हुई इन दो बड़ी घटनाओं से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना: खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, हमाली मजदूर की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, पहली दुर्घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे मेघा-छिपली मार्ग पर हुई। छिपली गांव का रहने वाला लोकेश्वर यादव (32 वर्ष) अपने चचेरे भाई खेमलाल यादव के साथ सेन्हाभाठा स्थित एक राइस मिल में हमाली (मजदूरी) का काम करता था। बुधवार रात को काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
तभी मेघा-छिपली मार्ग पर बंद पड़ी गुप्ता राइस मिल के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी और भीषण भिड़ंत हो गई। बाइक लोकेश्वर चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोकेश्वर के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
दूसरी घटना: पैदल यात्री को बचाने के चक्कर में गई जान, पिकअप ने रौंदा
अभी इस हादसे का गम कम भी नहीं हुआ था कि गुरुवार सुबह करीब 11:07 बजे मेघा मेन रोड पर दूसरा बड़ा हादसा हो गया। अमलीडीह निवासी यशवंत निषाद (24 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर चल रहे एक पैदल यात्री को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी यशवंत को रगड़ते हुए निकल गई। इस हादसे में यशवंत गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर ही अत्यधिक खून बहने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल-112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने युवक को तुरंत मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
सड़क सुरक्षा को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा:
इन बैक-टू-बैक सड़क हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों और सड़कों पर लापरवाही से खड़े होने वाले वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि:
सड़कों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
नो-पार्किंग या मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से खड़े रहने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहनों पर जुर्माना लगाया जाए।
मगरलोड पुलिस ने दोनों मामलों की डायरी दर्ज कर ली है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

