यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां मगरलोड थाना क्षेत्र में आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े एक ग्रामीण की असंतुलित होकर नीचे गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, मगरलोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भरदा निवासी विमलाल साहू अपने बेटे के साथ आम तोड़ने के लिए पास के एक बगीचे में गए हुए थे। चश्मदीदों के अनुसार, विमलाल आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे ऊंचाई से नीचे जमीन पर आ गिरे। पत्थर और सख्त जमीन पर गिरने के कारण उन्हें बेहद गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इलाके में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बगीचे में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

