कुरुद। गर्मी के मौसम में आंखों से जुड़ी संक्रामक बीमारी कंजंक्टिवाइटिस (रेड आई/आई फ्लू) तेजी से फैल रही है। सिविल अस्पताल कुरुद में पदस्थ नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी डॉ. क्षितिज साहू ने लोगों को इस बीमारी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि यह आंख की पारदर्शी झिल्ली (कंजंक्टिवा) में सूजन के कारण होता है, जिससे आंखें लाल हो जाती हैं, जलन, खुजली और पानी या गाढ़ा स्राव निकलता है।
डॉ. साहू के अनुसार, यह संक्रमण मुख्यतः वायरल होता है, लेकिन बैक्टीरियल संक्रमण, एलर्जी, धूल, धुआं और रसायनों के संपर्क से भी हो सकता है। इसके लक्षणों में आंखों में लालिमा, पलकों में सूजन, सुबह पपड़ी जमना और रोशनी से परेशानी शामिल हैं। यह बीमारी आमतौर पर 1 से 2 सप्ताह में ठीक हो जाती है, लेकिन समय पर उपचार जरूरी है।
उन्होंने बताया कि यह संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से तेजी से फैलता है, खासकर स्कूलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में। बचाव के लिए बार-बार हाथ धोना, आंखों को छूने से बचना, तौलिया या रूमाल साझा न करना और धूल-तेज हवा से आंखों की सुरक्षा करना जरूरी है।
वरिष्ठ नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी डॉ. प्रवीण टण्डन ने अपील की है कि आंखों में हल्की समस्या को भी नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। वहीं, डॉ. लोमेश कुर्रे ने लोगों से नेत्रदान के प्रति जागरूक होने की भी अपील की है।

