यशवंत गंजीर, धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरेतरा में एक बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पति-पत्नी दोनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिरेतरा निवासी नंद कुमार साहू (70 वर्ष) और उनकी पत्नी सुशीला बाई साहू (65 वर्ष) घर में अकेले थे। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 7 बजे दोनों ने सामान्य रूप से भजिया का नाश्ता किया था। इसके बाद रात में किसी समय दोनों ने यह कदम उठाया होगा, ऐसी आशंका जताई जा रही है।
CG NEWS : जिला जेल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर रोक, 200 मीटर दायरे को घोषित किया गया नो-फ्लाई जोन
बताया गया कि दंपति का बेटा संजू साहू अपने परिवार के साथ दोपहर में ससुराल गया हुआ था। सोमवार को गांव की एक महिला किसी काम से उनके घर पहुंची तो उसने दोनों को फांसी के फंदे पर लटका देखा। नंद कुमार साहू का शव घर के हॉल में पंखे से और उनकी पत्नी सुशीला बाई का शव बेडरूम में पंखे के हुक से लटका मिला।
महिला ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और ग्रामीणों को दी। इसके बाद बेटे को घटना की जानकारी दी गई। संजू साहू के गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने कुरूद पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुरूद थाना प्रभारी अवध राम साहू टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों के अनुसार दंपति सामान्य जीवन जी रहे थे और किसी बड़ी परेशानी की जानकारी सामने नहीं आई थी। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक और हैरानी का माहौल है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

