भिलाई। मानवता और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय Sonu Sood चैरिटी क्लब भिलाई द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित SSCC Annual Meet 2026 की तारीख घोषित कर दी गई है। यह विशेष आयोजन 27 जून 2026 को भिलाई में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद की विशेष उपस्थिति रहेगी।
क्लब की हेड दीक्षा नागदेवे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। क्लब पिछले दो वर्षों से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में जरूरतमंदों और वंचित वर्गों के लिए लगातार सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि क्लब, सोनू सूद के नेतृत्व वाली सूद चैरिटी फाउंडेशन से प्रेरित होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। इस वार्षिक आयोजन के माध्यम से युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सेवा भावना रखने वाले नागरिकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सोनू सूद युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित करेंगे और सकारात्मक बदलाव के लिए सहयोग व सहभागिता का संदेश देंगे। साथ ही नागसेन हायर सेकेंडरी स्कूल का विशेष दौरा भी प्रस्तावित है, जो सामाजिक पहल से जुड़ा हुआ है।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए क्लब के 60 से अधिक सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। प्रमुख रूप से जिलेश चावड़ा, गुरजीत सिंह, गिरीश खपर्डे, एल.बी. वर्मा, डिंपल चावला, दीपक भारता, तुषार चव्हाण, रविंद्र देवांगन, चेतन चव्हाण, सनोज चौधरी, दीपक जैन, जगतेश्वर दुबे और विकास जायसवाल आयोजन की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजन समिति ने सामाजिक संस्थाओं, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और सेवा भावना रखने वाले लोगों से इस ऐतिहासिक आयोजन में जुड़ने और सहयोग देने की अपील की है।

