धमतरी | बालोद जिले के झलमला-रानीमाई मार्ग पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में धमतरी जिले के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चौथिया कार्यक्रम में जा रहा था परिवार:
जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के भानपुरी निवासी टीकाराम यादव की बेटी का विवाह डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्ररीठमा में हुआ था। शादी के बाद परिवार के सदस्य चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन से जा रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे तालगांव के आगे एक मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौत हो गई।
यात्रियों ने जताई तेज रफ्तार की आशंका:
घायलों के अनुसार, वाहन में 35 से अधिक लोग सवार थे। महिलाओं को पहले अलग वाहन से भेजा गया था, जबकि शेष लोग पिकअप में जा रहे थे। कुछ घायलों ने बताया कि चालक वाहन को तेज गति से चला रहा था और उसे कई बार सावधानी बरतने के लिए कहा गया था।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी:
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग वाहन से दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बच्चे सुरक्षित, कई घायल:
बताया गया है कि वाहन में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 10 बच्चे भी सवार थे, जो बीच में बैठे होने के कारण सुरक्षित बच गए। वहीं अन्य कई लोगों को फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं।
चालक की भूमिका की जांच:
पुलिस के अनुसार चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। चालक ने बयान में बताया कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया।
जांच जारी, कार्रवाई के संकेत:
थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


