यशवंत गंजीर, धमतरी। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरूद विकासखंड के ग्राम बंजारी स्थित पान सीड्स प्रा. लि. के परिसर में रखी लगभग 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। कंपनी को तीन दिवस के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
राज्य स्तरीय निरीक्षण में मिली अनियमितताएं
संचालक कृषि राहुल देव के निर्देशन में राज्य स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में पाया गया कि कंपनी ने बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से संबंधित आवश्यक जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई थी। जांच के दौरान लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अलावा अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण तथा पैकेजिंग सामग्री के उपयोग और वितरण में भी अनियमितताएं सामने आईं।
नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
निरीक्षण के बाद परिसर में उपलब्ध कच्चे एवं ग्रेडेड धान बीज सहित पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर रोक लगा दी गई। वहीं पैक किए गए धान बीज के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के हित में अभियान रहेगा जारी
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए राज्यभर में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले बीज उत्पादक एवं विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में मयंक बघेल, जितेंद्र ठाकुर, रामकुमार साहू, चेश कुमार सार्वा, मयंक नागवंशी एवं आदित्य कुमार मेश्राम शामिल रहे।

