अमेठी। अमेठी स्थित सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) को अयोध्या स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर सियासत तेज हो गई है। किशोरी लाल शर्मा ने इस मुद्दे को लोकसभा में नियम 377 के तहत उठाते हुए केंद्र सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है। साथ ही उन्होंने रक्षा मंत्री को पत्र लिखकर कार्यालय को यथावत अमेठी में बनाए रखने का आग्रह किया है।
सांसद ने कहा कि अमेठी का सेना भर्ती कार्यालय क्षेत्र के युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यहां भर्ती रैली, दस्तावेज़ सत्यापन, मेडिकल परीक्षण और मार्गदर्शन जैसी सभी प्रक्रियाएं एक ही स्थान पर होती हैं, जिससे युवाओं को बड़ी सहूलियत मिलती है। उन्होंने बताया कि इस कार्यालय के माध्यम से हजारों युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने का अवसर मिल चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेठी, सुल्तानपुर, रायबरेली समेत आसपास के जिलों के युवाओं की सेना में भर्ती की एक लंबी परंपरा रही है। ऐसे में यदि कार्यालय को अयोध्या स्थानांतरित किया जाता है तो अभ्यर्थियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ेगा और खासकर ग्रामीण व कमजोर वर्ग के युवाओं को परेशानी होगी।
सांसद के अनुसार, वर्ष 1988 में स्थापित इस एआरओ के अंतर्गत 13 जनपद आते हैं। प्रस्तावित स्थानांतरण से क्षेत्र में असंतोष और चिंता का माहौल है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि युवाओं के हित और क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए इस निर्णय को वापस लिया जाए।
अमेठी से सेना भर्ती कार्यालय हटाने पर सियासत तेज, सांसद किशोरी लाल शर्मा ने उठाया मुद्दा
Leave a comment
