कटनी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रंगनाथ नगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में शराब और एक वाहन भी जब्त किया गया है।
कटनी के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने फॉरेस्टर वार्ड झर्राटिकुरिया निवासी 22 वर्षीय सौरभ चौधरी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से करीब 54 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही बिना नंबर की एक सफेद वर्गमैन गाड़ी भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि ओएफके ग्राउंड के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में शराब लेकर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान वाहन में रखी बोरियों और डिग्गी से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई को लेकर क्या कहना है रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह का, आइए सुनते हैं…
फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

