अमेठी में पेट्रोल और डीजल की किल्लत की अफवाह के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध भंडारण कर बिक्री के लिए रखे गए 285 लीटर ईंधन को जब्त किया है। मौके से पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर खाद्य एवं रसद विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
यह मामला मोहनगंज थाना क्षेत्र के विराज बाजार का है। पुलिस टीम ने देर शाम बिना लाइसेंस पेट्रोल और डीजल बेचने के लिए रखे गए ईंधन पर छापा मारा। इस दौरान विराज गांव निवासी अकबर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। मौके पर 235 लीटर पेट्रोल और 50 लीटर डीजल बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने एक कूपी, तेल मापने वाला लीटर और तेल निकालने की मशीन भी जब्त की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ईंधन बिक्री के लिए भंडारण किया था, लेकिन पुलिस ने भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बरामद सामग्री को सुरक्षित रखकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य एवं रसद विभाग को सूचना भेज दी गई है, ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि अवैध भंडारण और बिक्री रोकने के लिए ऐसे कदम समय-समय पर उठाए जाते रहेंगे, ताकि आम नागरिकों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।
यह कार्रवाई अमेठी में ईंधन की किल्लत और अफवाहों के बीच समय पर प्रशासन की सक्रियता को दर्शाती है।
अमेठी में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण पर पुलिस ने छापा, एक गिरफ्तार
Leave a comment
