पेट्रोल संकट गुरुवार को गहराता जा रहा है। शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही लोग लंबी कतारों में खड़े नजर आए, लेकिन अधिकांश को निराश होकर लौटना पड़ा। जामो रोड स्थित प्रताप फिलिंग स्टेशन पर “मशीन खराब है” का बोर्ड लगा दिया गया था, जबकि अमेठी रोड पर रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल न होने की बात बताई गई। बाईपास पर स्थित एक अन्य पंप पर “ड्राई पंप” का बोर्ड लगा मिला, जिससे यह साफ हो गया कि आपूर्ति पूरी तरह ठप है।किसान सेवा केंद्र पर दोपहर 1:00 बजे तक सीमित मात्रा में पेट्रोल वितरित किया जा रहा था। यहां दोपहिया वाहनों को मात्र ₹200 तक और चारपहिया वाहनों को अधिकतम 500 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा था। इसके बावजूद भारी भीड़ के चलते दोपहर बाद यहां भी पेट्रोल खत्म हो गया। किसान तेल आपूर्ति केंद्र पर भी पेट्रोल उपलब्ध नहीं था, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को भी खाली हाथ लौटना पड़ा।स्थिति यह रही कि लोग ड्रम और गैलन लेकर डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचे। ट्रैक्टर और अन्य व्यावसायिक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे डीजल की मांग भी अचानक बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
