अमेठी। जिले में पेट्रोल की बिक्री को लेकर जिला प्रशासन और तेल कंपनियों ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब किसी भी व्यक्ति को डिब्बा, बोतल या अन्य खुले बर्तन में पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इस आदेश के अनुपालन को सुनिश्चित कराने के लिए पूर्ति विभाग की टीम लगातार पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर रही है। वहीं, तेल कंपनियों के अधिकारी भी समय-समय पर पंपों की जांच कर रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि सुरक्षा कारणों और दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर डिब्बा या बोतल में पेट्रोल देते हुए पाया गया, तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, संबंधित तेल कंपनी के अधिकारियों को भी कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा। प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया है कि वे केवल वाहनों में ही पेट्रोल की आपूर्ति करें और नियमों का कड़ाई से पालन करें।इसके अलावा, उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल का भंडारण न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। इस सख्ती के बाद जिले के पेट्रोल पंपों पर व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है


