यशवंत गंजीर,कुरूद। क्षेत्र के पांच वार्डों में हुए पंच उपचुनाव के परिणाम आ चुके हैं। चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने दो सीटों पर कब्जा जमाया।
ग्राम पंचायत गोबरा के वार्ड क्रमांक 8 में कांग्रेस समर्थित महेश कुमार साहू ने 41 मत प्राप्त कर रामजी साहू को 15 मतों से पराजित किया। इस मुकाबले में निर्दलीय टिकेश्वर नागरची को 8 मत मिले। ग्राम पंचायत कुहकुहा के वार्ड क्रमांक 4 में भाजपा समर्थित मानसिंग धुव ने 59 मत हासिल कर कांग्रेस समर्थित संजय गोंड को 24 मतों से हराया।
Steel Plant Fire : रायपुर के मिवान स्टील प्लांट में भीषण आग, धुएं के गुबार से दहला इलाका
ग्राम पंचायत चर्रा के वार्ड क्रमांक 6 में सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां भाजपा समर्थित लता नंदूलाल बैस ने 45 मत प्राप्त कर कांग्रेस समर्थित तारामति पटेल को मात्र 5 मतों से शिकस्त दी। ग्राम पंचायत सेमरा बी के वार्ड क्रमांक 20 में कांग्रेस समर्थित आकाश कुमार सिन्हा ने 84 मत हासिल कर भाजपा समर्थित उमेंद राम सिन्हा को 57 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया, जो उपचुनाव की सबसे बड़ी जीत रही।
वहीं ग्राम पंचायत सिवनीकला के वार्ड क्रमांक 9 में भाजपा समर्थित ओमप्रकाश डाण्डे ने 70 मत प्राप्त कर कांग्रेस समर्थित तीजू राम धृतलहरे को 15 मतों से हराया।
पांचों वार्डों के परिणामों के साथ भाजपा ने तीन और कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में नए समीकरणों और आगामी चुनावों को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।

