चंदौली। शादी की खुशियों के बीच अलीनगर थाना क्षेत्र का पटपरा गांव उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गया जब आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में मामूली विवाद ने छेड़खानी और लूट जैसी गंभीर वारदात का रूप ले लिया। घटना ने ग्रामीण आयोजनों में सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी भरत चौहान के पुत्र रतन चौहान की शादी से पहले आयोजित भत्तवान कार्यक्रम में रातभर आर्केस्ट्रा चला। माहौल में संगीत और नृत्य के बीच अचानक तनाव उस वक्त पैदा हुआ, जब गांव का ही अमन चौहान स्टेज पर चढ़कर डांसरों के साथ अभद्रता करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक डांसर द्वारा नोट लेने से इनकार करना युवक को इतना नागवार गुजरा कि उसने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।
हालांकि उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया लेकिन असली वारदात इसके बाद हुई। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब आर्केस्ट्रा पार्टी ऑटो से वापस लौट रही थी तभी रास्ते में अमन चौहान ने गाड़ी रुकवाकर डांसर पुष्पा के साथ छेड़खानी की और कथित तौर पर ₹12 हजार की नकदी भी छीन ली।
पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ लूट और छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

