कुरूद। छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर कुरूद में एससी, एसटी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक समाज द्वारा आयोजित ‘पुरखा के सुरता’ कार्यक्रम सामाजिक परिवर्तन और नारी सम्मान का सशक्त मंच बनकर उभरा। इस अवसर पर ग्राम गोजी की पार्वती साहू को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने विधवा होने के बावजूद सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए अपने पुत्र के विवाह में ‘मऊर’ सौंपने की रस्म स्वयं निभाई। उनके इस साहसिक कदम को महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायी मिसाल माना गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महादेव कावरे (कमिश्नर, रायपुर संभाग) तथा अध्यक्षता कर रहे भाव सिंह डहरे (जिला अध्यक्ष, सतनामी समाज धमतरी) की उपस्थिति में लेखक विनोद कुमार कोसले (लेखक एवं शिक्षाविद) की पुस्तक ‘न्याय का इंतजार’ का विमोचन किया गया।
समारोह की शुरुआत महापुरुषों के तैलचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुई। इस दौरान 10वीं-12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं और नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक एकीकरण में योगदान देने वाले साहित्यकार पंडित शंकर दादा एवं नशा मुक्ति और सामाजिक सुधार में सक्रिय ग्राम उमरदा नवागांव, नवागांव थूहा और बंगोली के कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि महादेव कावरे ने शिक्षा को सामाजिक विकास की आधारशिला बताते हुए युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं विनोद कोसले ने युवाओं से यूपीएससी चयनित डायमंड ध्रुव जैसे व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। अध्यक्ष भाव सिंह डहरे ने सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए मितानी प्रथा को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में देवलाल भारती (अपर सचिव, मंत्रालय रायपुर), अश्वनी बंजारा (डिप्टी डायरेक्टर, कृषि विभाग), एस.एल. मात्रे (सेवानिवृत्त न्यायाधीश, औद्योगिक न्यायालय), अनिल बंजारे (सामाजिक कार्यकर्ता), स्नेहलता हुमने (समाजसेवी), अमन हुमने (युवा कार्यकर्ता), जी.आर. बंजारे (समाज प्रतिनिधि), सुशीला देवी वाल्मीकि (सामाजिक कार्यकर्ता), पालनहार मेश्राम (समाजसेवी), जे.एल. ध्रुव (वरिष्ठ नागरिक), गेवाराम नेताम (सामाजिक कार्यकर्ता), मीणा कुर्रे (महिला प्रतिनिधि), एम.एल. बघेल (समाजसेवी), नंदकुमार ध्रुव (युवा प्रतिनिधि), रविंद्र साहू (सामाजिक कार्यकर्ता), सर खरे (कृषि वैज्ञानिक) एवं संतोष जांगड़े (समाजसेवी) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

