यशवंत गंजीर धमतरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के गणेश चौक में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां 17 वर्षीय नाबालिग किशोर पर तेजाब फेंककर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गया। हमले में किशोर का चेहरा, सीना और पैर बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना गणेश चौक के पास हुई, जहां मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर हमले का आरोप है। वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और घायल किशोर की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया। शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस जाने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल, हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
घटना के बाद से गणेश चौक क्षेत्र में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

