चंदौली। डीडीयू-तारीघाट पैसेंजर एक्सप्रेस में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक को गोली मारकर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में सफर कर रहे एक अज्ञात युवक ने दूसरे युवक के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर ने उसे ट्रेन से नीचे फेंक दिया। बताया जा रहा है कि सकलडीहा क्षेत्र के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। उसके पास दो पिट्ठू बैग होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। एक यात्री ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही अलीनगर, चंदौली, सकलडीहा पुलिस के साथ जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई। जीआरपी डीडीयू ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतक और आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

