कटनी जिले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की गंभीर किल्लत सामने आई है। जिला प्रशासन भले ही पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आ रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी दिक्कत हो रही है
शादी के लिए सिलेंडर मांगने पहुंचा युवक
ग्राम पंचायत हिरवारा निवासी सोनू तिवारी सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को अपनी शादी का कार्ड दिखाते हुए बताया कि 14 मई को उनका विवाह है, लेकिन घर में रसोई गैस नहीं है।
एक हफ्ते से एजेंसी के लगा रहे चक्कर
सोनू के मुताबिक वह पिछले एक सप्ताह से पुरुषोत्तम गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिलेंडर देने से मना कर दिया जाता है। परेशान होकर उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है, ताकि शादी की तैयारियां प्रभावित न हों।
पेट्रोल-डीजल की भी भारी कमी
जिले में रसोई गैस के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कमी ने भी आम जनजीवन को प्रभावित किया है। शहर से लेकर गांव तक वाहन चालकों को ईंधन नहीं मिल पा रहा है।
पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड
बरगवां स्थित इंडियन ऑयल, झिंझरी पुलिस लाइन और पन्ना तिराहा के भारत पेट्रोलियम व इंडियन ऑयल पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लगे हुए हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर
शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी खराब है। लोगों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रामानंद पंडित का कहना है कि प्रशासन के दावे और हकीकत में बड़ा अंतर साफ दिखाई दे रहा है।
कलेक्टर बोले- पेट्रोल डीजल उपलब्ध है
कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि जिले में दो-चार ही ऐसे पेट्रोल पंप होंगे, जहां पेट्रोल की कमी है। बाकी जगह पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है, जहां पर भी दिक्कत है, उनका सत्यापन कराकर निराकरण करेंगे। घरेलू सिलेंडर भी जिले में पर्याप्त मात्रा पर उपलब्ध है।

