धमतरी। बोराई थाना क्षेत्र में एक व्यापारी को कथित रूप से थप्पड़ मारने के वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, धमतरी पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि वीडियो घटना का केवल आंशिक हिस्सा दिखाता है और पूरे मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराई जा रही है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में थाना प्रभारी (टीआई) नरेंद्र सिंह एक व्यापारी शब्बीर मेमन के साथ बहस, गाली-गलौज और थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में टीआई द्वारा व्यापारी को थाने ले जाकर कार्रवाई करने की धमकी देते हुए भी सुना जा सकता है। दूसरी ओर, टीआई ने थप्पड़ मारने के आरोप से इनकार किया है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि व्यापारी साप्ताहिक बाजार जा रहा था और बोराई नाके पर वाहन नहीं रोक पाया। आरोप है कि इसी बात पर टीआई ने बाजार में रोककर उसके साथ अभद्रता और मारपीट की। व्यापारी ने नाके पर एंट्री फीस के नाम पर वसूली का भी आरोप लगाया है।
इधर, एडिशनल एएसपी शैलेंद्र पांडे के अनुसार जिले में मादक पदार्थों, विशेषकर गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। संबंधित वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक के नहीं रुकने पर विवाद की स्थिति बनी।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वाहन का पीछा कर बाजार में रोका गया, जहां संबंधित व्यक्ति द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डालने और अमर्यादित भाषा के उपयोग की बात भी सामने आई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अधूरी या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।
फिलहाल, मामले में किसी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

