सक्ती, बुधवार। जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत लवसरा गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में दो जुड़वा बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृत बच्चियों की पहचान दीप्ति गोंड (6 वर्ष) और दिव्या गोंड (6 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे पास स्थित तालाब के किनारे पहुंच गईं। इसी दौरान असावधानीवश दोनों तालाब में गिर गईं और गहरे पानी में डूब गईं। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद तत्काल उन्हें बाहर निकाला गया। परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है। इस दुखद घटना के बाद लवसरा गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

