चंदौली:महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के बीच बलुआ थाना क्षेत्र के पूरा कैथी गांव से सामने आई घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 28 वर्षीय प्राची देवी ने आरोप लगाया है कि मंगलवार सुबह घर में अकेला पाकर सास-ससुर ने उनके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े और सोने की अंगूठी छीन ली। पीड़िता के मुताबिक वह किसी तरह जान बचाकर शोर मचाते हुए बाहर निकली तब ग्रामीणों की मदद से खुद को सुरक्षित कर सकीं।
बताया गया कि प्राची ने जुलाई 2024 में प्रेम विवाह किया था और पति के साथ दिल्ली में रहकर रोजगार करती थीं। हाल में दंपति गांव लौटकर पूजा सामग्री की फैक्ट्री शुरू करने की तैयारी में थे। इसी बीच संपत्ति विवाद को लेकर तनाव की बात भी सामने आ रही है।
मामले ने घरेलू हिंसा महिला गरिमा और वैवाहिक सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब सरकार महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति जैसे अभियान चला रही है तब पारिवारिक दायरे में महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर रोक कैसे लगे?
पीड़िता ने बलुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब नजर इस पर है कि मामले में कानूनी कार्रवाई कितनी तेजी और निष्पक्षता से आगे बढ़ती है।

