यशवंत गंजीर,धमतरी।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी के हरदिहा साहू समाज भवन में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं कुरुद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने “योगः कर्मसु कौशलम्” का संदेश दिया है। इसका अर्थ है कि योग जीवन के प्रत्येक कार्य में कुशलता, संतुलन और अनुशासन लाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन शैली का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान और मानव कल्याण के संदेश के रूप में स्थापित हुआ है।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई थी। इस दौरान उपस्थित जनों ने योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, सकारात्मक सोच रखने और नशा मुक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, सभापति विजय मोटवानी, भाजपा नेता कविंद्र जैन, पुलिस अधीक्षक सूरज परिहार सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन में लोगों ने विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कर योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

