गोबरा नवापारा।गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोबरा बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर एक बेहद गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घायल के सिर पर 18 टांके आए हैं। वहीं, घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने स्थानीय पुलिस पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
बीच सड़क पर रोककर की गाली-गलौज और मारपीट
पुलिस में दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, ग्राम छांटा निवासी ललित कुमार साहू (उम्र लगभग 40-42 वर्ष) बीते 19 जून 2026 की सुबह करीब 10:45 बजे किसी काम से गोबरा बस्ती आए हुए थे। वे गोबरा बस्ती स्थित रेखा किराना दुकान के सामने खड़े होकर अपने मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी वहां गोबरा बस्ती निवासी राजेश साहू पहुंचा। राजेश ने पुरानी किसी बात को लेकर ललित से विवाद करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी राजेश साहू ने गाली-गलौज करते हुए अपने हाथ में रखे डंडे से ललित कुमार साहू के सिर और होंठ पर जोरदार हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से ललित लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई।
अस्पताल में लगाने पड़े 18 टांके, स्थिति गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के परिजन मौके पर पहुंचे और घायल ललित को तुरंत शासकीय अस्पताल गोबरा नवापारा ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आयुष्मान अस्पताल कुर्रा रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों को पीड़ित के सिर पर आए गहरे घाव को भरने के लिए 18 टांके लगाने पड़े।
नए कानून (BNS) के तहत मामला दर्ज, कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित परिवार
घायल ललित के पुत्र लक्की कुमार साहू की शिकायत पर गोबरा नवापारा थाना पुलिस ने आरोपी राजेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (अश्लील कृत्य/गाली-गलौज), 351(2) (अपराधिक धमकी) और 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।
दूसरी ओर, इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सिर पर गंभीर और जानलेवा चोट लगने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नाममात्र की धाराओं में केस दर्ज किया है और अब तक कोई अपेक्षित कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवार ने रायपुर पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

