यशवंत गंजीर,धमतरी। जिले के कुरूद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सिवनी कला में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रेडर मशीन के चक्के के नीचे दबने से 52 वर्षीय देवकी बाई साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि देवकी बाई घर के आसपास काम कर रही थीं। इसी दौरान सड़क निर्माण में लगी ग्रेडर मशीन के चालक ने वाहन को तेज रफ्तार में पीछे किया, जिसकी चपेट में महिला आ गई और वह मशीन के पहिए के नीचे दब गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल महिला को निजी वाहन से सिविल अस्पताल कुरूद पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में लगी एजेंसी के कार्यों पर सवाल उठाते हुए चालक की लापरवाही और निर्माण गुणवत्ता को हादसे का कारण बताया है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों की सूचना पर कुरूद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

