यशवंत गंजीर, धमतरी। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर जिला प्रशासन ने स्कूली वाहनों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में धमतरी जिले में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों की विशेष जांच अभियान चलाया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी के नेतृत्व में परिवहन उड़नदस्ता, यातायात पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगरी रोड स्थित भोयना के नवीन परिवहन कार्यालय परिसर में वाहनों की जांच की।
34 वाहनों की जांच, 14 में मिली सुरक्षा संबंधी कमी
अभियान के दौरान स्कूल बसों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच में कुल 34 स्कूली वाहनों का परीक्षण किया गया, जिसमें 14 वाहनों में तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां सामने आईं। इनमें रिफ्लेक्टर नहीं होना, नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं होना, पार्किंग लाइट, इंडिकेटर, वाइपर और अन्य लाइटों में खराबी जैसी कमियां शामिल थीं।
लापरवाही पर कार्रवाई, वसूला गया जुर्माना
वाहनों में मिली कमियों को लेकर संबंधित संचालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर कुल 12 हजार रुपये का समझौता शुल्क वसूल किया।
चालकों को सुरक्षा नियमों की दी गई जानकारी
जांच अभियान के दौरान बस चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और नशे की हालत में वाहन संचालन नहीं करने की हिदायत दी।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूली वाहनों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि अभिभावक अपने बच्चों को पूरी सुरक्षा के साथ स्कूल भेज सकें।

