यशवंत गंजीर,कुरूद। भाजपा संगठन के आह्वान पर कुरूद ब्रॉडगेज रेलवे स्टेशन परिसर में विधानसभा स्तरीय प्रगतिपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और भविष्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद अध्यक्ष कुरूद गीतिश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष भखारा ज्योति जैन सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
रेल और सड़क परियोजनाओं से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
विधायक अजय चन्द्राकर ने कहा कि कुरूद क्षेत्र विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुरूद रेलवे स्टेशन के आधुनिक विकास को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, पेयजल सुविधा, हाई-स्पीड वाई-फाई और बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे यात्रियों के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
भारतमाला कॉरिडोर से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
उन्होंने रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ सीधे विशाखापत्तनम बंदरगाह से जुड़ेगा। किसानों और व्यापारियों को बड़े बाजारों तक पहुंच आसान होगी। कॉरिडोर के आसपास लॉजिस्टिक हब और उद्योगों के विकास से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई, नहर लाइनिंग, स्टॉपडैम, सामुदायिक भवन और खेल मैदानों के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविकांत चन्द्राकर, त्रिलोकचंद जैन, पूर्व जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, सिंधु बैस, मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, रवि सिन्हा, लोकेश साहू, कल्याण राजपूत, मंडल प्रभारी व सह प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभात बैस ने किया। अंत में विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने क्षेत्रवासियों की ओर से केंद्र व राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

