यशवंत गंजीर,धमतरी। एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 45/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया जा रहा था। इस दौरान सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम एवं महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू सुरक्षा अभिरक्षा में आरोपियों को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष) निवासी कचूरवाही, थाना आरोली, तहसील रामटेक, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत एक और अपराध दर्ज किया गया है।
मामले की सूचना मिलते ही एसपी सूरज सिंह परिहार ने इसे गंभीरता से लिया। प्रारंभिक जांच में संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई। इसके आधार पर चारों अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान सभी का मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता एवं अन्य देय सुविधाएं मिलती रहेंगी।
वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

