यशवंत गंजीर, कुरुद। भारतीय जनता पार्टी के “मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल” जनसंपर्क अभियान के तहत कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने क्षेत्र के 10 गांवों का सघन दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्राम भेंडरा, चरोटा, इर्रा, लोहारपथरा, सिरसिदा, गुदगुदा, चारभांठा, मोंगरा, कोकड़ी और बानगर में पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई।
चौपाल में बैठकर सुनीं समस्याएं
जनसंपर्क अभियान की विशेषता यह रही कि विधायक अजय चंद्राकर ने किसी भी गांव में स्वागत-सत्कार अथवा मंचीय औपचारिकताओं को प्राथमिकता नहीं दी। वे सीधे ग्रामीणों के बीच चौपाल में पहुंचे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा रखी गई शिकायतों और आवश्यकताओं पर उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों से संपर्क कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।
हितग्राहियों से किया संवाद, युवाओं को दिए मार्गदर्शन
दौरे के दौरान विधायक ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी चर्चा की। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत तथा किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी साझा की। वहीं ग्राम मोंगरा, कोकड़ी और बानगर में युवाओं से विशेष संवाद करते हुए उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन दिया तथा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं का लाभ पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे लाखों परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
अभियान के दौरान जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद सभापति आनंद यदु, जनपद सदस्य कुलेश्वरी साहू, शकुंतला देवांगन एवं रेखा साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

