धमतरी:गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बुधवार को एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला इतवारी बाजार स्थित गर्ल्स स्कूल के पास से सामने आया, जहाँ एक स्कूटर को स्टार्ट करने के दौरान उसमें अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
किक मारते ही निकली चिंगारी
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटर मालिक जब अपनी गाड़ी स्टार्ट करने के लिए किक मार रहा था, तभी अचानक इंजन से चिंगारी निकली और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला हादसा
आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाला। पहले रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पास ही स्थित श्री राम मंदिर से पाइप की व्यवस्था की गई और पानी की बौछार कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बड़ी घटना टली
गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। आग बुझने के बाद गाड़ी मालिक और आसपास के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। इस घटना ने एक बार फिर गर्मी के दौरान वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

