यशवंत गंजीर, कुरूद। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से विद्युत अधोसंरचना विस्तार कार्य शुरू किए गए हैं। इसी कड़ी में ग्राम चरमुड़िया में 33/11 केवी क्षमता के नए विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया, जबकि चोरभट्ठी एवं औद्योगिक क्षेत्र बगौद में बनने वाले नए विद्युत उपकेंद्रों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इन परियोजनाओं पर कुल 7.60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। कार्यक्रम में कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जीवन स्तर सुधारने में बुनियादी सुविधाओं की अहम भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास केवल आर्थिक आंकड़ों से नहीं आंका जा सकता। लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, स्वच्छ पेयजल और गुणवत्तापूर्ण बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होना ही वास्तविक प्रगति का संकेत है। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, तब सामाजिक और आर्थिक विकास स्वतः गति पकड़ता है।
बिजली उपलब्धता से बढ़ती है विकास की रफ्तार
विधायक ने कहा कि प्रति व्यक्ति बिजली खपत किसी भी राज्य की प्रगति का महत्वपूर्ण संकेतक होती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में बिजली उत्पादन और वितरण क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि, घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और प्रभावी बनी है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
हजारों परिवारों और किसानों को होगा सीधा लाभ
चरमुड़िया विद्युत उपकेंद्र शुरू होने से आसपास के 11 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलेगी तथा कृषि कार्यों के लिए भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो सकेगी। वहीं चोरभट्ठी उपकेंद्र के निर्माण से कई गांवों के किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचेगा। बगौद में प्रस्तावित उपकेंद्र से औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों की सराहना की
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत कुरूद की अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू ने की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों से ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर जनपद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

