चंदौली।जनपद पुलिस की स्वाट और सर्विलांस टीम ने एक बार फिर तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 111 गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 33.30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों तथा CEIR पोर्टल से मिली सूचनाओं के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीम को मोबाइल बरामदगी का दायित्व सौंपा गया था। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के जरिए विभिन्न स्थानों से 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किए।
बुधवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की मौजूदगी में बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई। मोबाइल स्वामियों ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बरामद मोबाइलों में सर्वाधिक 27 मोबाइल सकलडीहा थाना क्षेत्र तथा 25 मोबाइल चंदौली कोतवाली क्षेत्र से संबंधित पाए गए। इसके अलावा मुगलसराय, सैयदराजा, धीना, नौगढ़, चकरघट्टा समेत अन्य थाना क्षेत्रों के मोबाइल भी बरामद किए गए।
इस सफलता में स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चंदौली पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन के बीच भरोसा बढ़ाने वाली पहल माना जा रहा है।

