यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 10 अलग-अलग प्रकरणों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12,320 रुपये मूल्य की कच्ची महुआ, देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 2,470 रुपये नगद बिक्री रकम सहित कुल 14,790 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर नगरी, कुरूद, भखारा, मगरलोड, सिहावा, करेलीबड़ी और बिरेझर क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई की गई। धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत तीन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
थाना नगरी पुलिस ने संबलपुर निवासी अंजू कुमार नेताम के कब्जे से 6.5 लीटर कच्ची महुआ शराब और 50 रुपये नगद जब्त किए। वहीं अमाली कमारपारा निवासी धनराज नेताम से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं 250 रुपये नगद बरामद किए गए। थाना कुरूद पुलिस ने सेमरा-बी निवासी खुबलाल निषाद के कब्जे से 44 पौवा देशी शराब (7.920 बल्क लीटर) और 200 रुपये बिक्री रकम जब्त की।
इसके अलावा धारा 34(1)(ख) एवं 34(ए) के तहत सात अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। भखारा निवासी भरतराम साहू से 16 पौवा देशी शराब एवं 180 रुपये, सिरसिदा निवासी प्रकाश पटेल से 14 पौवा देशी शराब एवं 200 रुपये, मेघा निवासी योगेश कुर्रे से 18 पौवा देशी शराब एवं 300 रुपये, मोहेरा निवासी चंद्रकुमार कमार से 3.7 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं 150 रुपये, बिरगुड़ी निवासी जीवन मरकाम से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं 250 रुपये, बिरेझर क्षेत्र से पंकज कुमार गुप्ता से अंग्रेजी शराब एवं 300 रुपये तथा कल्लेमेटा निवासी मुकेश कुमार मानिकपुरी से 15 पाव देशी मदिरा एवं 590 रुपये नगद जब्त किए गए।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।

