यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत गजकन्हार जंगल में सरई बिनने गई एक वृद्ध महिला पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। सैकड़ों मधुमक्खियों के डंक से गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पालगांव थाना दुगली निवासी रामबती (75 वर्ष) पति दामाराम पिछले एक सप्ताह से अपनी बेटी देवकुंवर के घर गजकन्हार गांव में रह रही थी। सोमवार सुबह वह अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में सरई बिनने गई थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। हमले में वृद्धा के शरीर पर बड़ी संख्या में डंक लगे, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल नगरी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह करीब 9:45 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद रामबती को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। अस्पताल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
वन क्षेत्रों में इन दिनों महुआ, तेंदूपत्ता और सरई जैसे वनोपज संग्रहण का कार्य चल रहा है। ऐसे समय मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में वनोपज संग्रहण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

