यशवंत गंजीर धमतरी। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। जब क्रिकेट की पिच पर चौके-छक्कों की बरसात होगी, तब स्टेडियम से लेकर टीवी स्क्रीन्स तक हमारी अपनी माटी की ‘गुरतुर’ बोली का जादू बिखरेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा आयोजित होने वाले बहुप्रतिष्ठित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 में इस बार कमेंट्री बॉक्स से इतिहास रचा जाएगा। कुरूद क्षेत्र के गौरव और बहुमुखी प्रतिभा के धनी हरीश देवांगनको इस बड़े मंच पर लाइव छत्तीसगढ़ी कमेंट्री करने के लिए आधिकारिक तौर पर चुन लिया गया है।
कड़े मुकाबले के बाद ज्यूरी ने लगाई मुहर
छत्तीसगढ़ी बोली और संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रमोट करने के लिए CSCS ने पूरे प्रदेश से आवेदन आमंत्रित किए थे। इसमें कड़े मुकाबले के बीच आवेदकों की खेल उपलब्धियों और ऑडियो कमेंट्री के सैंपल की बारीकी से जांच की गई। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की निर्णायक ज्यूरी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाठागांव के खेल शिक्षक व CSCS अंपायर हरीश देवांगन के हुनर पर अपनी अंतिम मुहर लगाई। अब हरीश अंतरराष्ट्रीय स्तर के हिंदी कमेंटेटरों के साथ सुर में सुर मिलाकर दुनिया भर की खेल प्रेमी जनता तक छत्तीसगढ़ी भाषा का गौरव पहुंचाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर का है अनुभव
हरीश देवांगन केवल शब्दों के जादूगर नहीं हैं, बल्कि खेल की बारीकियों को भी बखूबी समझते हैं। वे स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के राष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर हैं, जिन्हें श्रीनगर, मुंबई, इंदौर, ग्वालियर और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में अंपायरिंग व कमेंट्री का लंबा अनुभव है। इतना ही नहीं, दुबई में आयोजित इंडियन जूनियर प्रीमियर लीग में भी वे कोच के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। एक अंपायर और शिक्षक होने के साथ-साथ वे एक उत्कृष्ट कवि, मंच संचालक और रंगमंच के कलाकार भी हैं, जो अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से समाज को प्रेरित करते हैं।
3 जून से परसदा स्टेडियम में महामुकाबला
छत्तीसगढ़ के उदीयमान खिलाड़ियों को आईपीएल और रणजी ट्रॉफी जैसे बड़े मंचों के लिए तैयार करने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें (रायगढ़ लायंस, रायपुर राइनोस, बिलासपुर बुल्स, बस्तर बायसन, सरगुजा टाइगर्स, और राजनांदगांव पैंथर्स) हिस्सा ले रही हैं। यह पूरा रोमांच 3 जून से 14 जून के बीच शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा (रायपुर) में खेला जाएगा। हरीश देवांगन की इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे कुरूद क्षेत्र की माटी महक उठी है और हर तरफ जश्न का माहौल है।

