यशवंत गंजीर, धमतरी। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र स्थित शराब दुकान परिसर में युवक से चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे आरोपी समीर निर्मलकर को भखारा पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई को प्रार्थी अपने बड़े भाई के कहने पर शराब और डीजल खरीदने के लिए तीन हजार रुपये लेकर भखारा आया था। रात करीब आठ बजे वह भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उससे रुपये की मांग की। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपी अंशुमन साहू ने उसके गले पर धारदार चाकू अड़ा दिया। वहीं लोकेश पटेल और एक विधि से संघर्षरत बालक ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान समीर निर्मलकर ने मारपीट कर प्रार्थी के पास रखे तीन हजार रुपये और रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंशुमन साहू, लोकेश पटेल और विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद से फरार चल रहा मुख्य आरोपी समीर निर्मलकर, निवासी वार्ड क्रमांक 4 भखारा पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस को सूचना मिली कि वह दुर्ग जिले के ग्राम जरवाय में अपने एक दोस्त के घर छिपा हुआ है। इसके बाद थाना प्रभारी शरद ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

