यशवंत गंजीर धमतरी। शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं के बीच गोकुलपुर वार्ड में एक युवक पर जानलेवा हमला होने से इलाके में दहशत फैल गई। मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब आरोपी ने घर में घुसकर युवक के पेट और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान आशुतोष राजपूत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन को लेकर उसका एक युवक से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी गुस्से में आशुतोष के घर पहुंच गया और देखते ही देखते हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार और आसपास के लोग सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने बेहद आक्रामक तरीके से हमला किया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इधर, लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली कहासुनी और विवाद अब सीधे हिंसक वारदातों में बदल रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

