कुलेश्वर कुशवाहा
बलरामपुर जिले में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 343 को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। बलरामपुर से रामानुजगंज तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार, अनियमितता और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह के नेतृत्व में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

“मानकों की अनदेखी कर किया जा रहा निर्माण” प्रतीक सिंह …
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतीक सिंह ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिट्टी भराई, सबग्रेड निर्माण और डामरीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य बेहद निम्न स्तर के किए जा रहे हैं, जिससे सड़क की मजबूती और दीर्घकालिक गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा नियमों को दरकिनार करते हुए निर्माण कार्य को पेटी कॉन्ट्रैक्ट में दिया गया है। स्थानीय स्तर पर बिना पर्याप्त तकनीकी मानकों और विशेषज्ञ निगरानी के कार्य कराए जाने से सड़क निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
निर्माण सामग्री और तकनीकी परीक्षण पर भी सवाल ….
युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं की जा रही है। कई स्थानों पर बिना उचित कम्पेक्शन और परीक्षण के ही कार्य आगे बढ़ा दिया गया है, जो भविष्य में सड़क की स्थिति को और खराब कर सकता है। पदाधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो करोड़ों रुपये की लागत से बन रही यह सड़क कुछ ही वर्षों में खराब हो सकती है, जिसका सीधा नुकसान आम जनता और शासन दोनों को उठाना पड़ेगा।
अवैध उत्खनन और राजस्व हानि का आरोप ….
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सड़क निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर मिट्टी और मोरम का उपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि बिना वैध अनुमति के खनिज सामग्री निकाली जा रही है, जिससे शासन को राजस्व की भारी क्षति पहुंच रही है। नेताओं ने कहा कि अवैध उत्खनन के कारण पर्यावरणीय नुकसान भी हो रहा है और प्रशासन इस पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ है।
आम जनता को हो रही भारी परेशानी …
निर्माणाधीन सड़क की वर्तमान स्थिति को लेकर भी नेताओं ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, धूल और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और यात्रियों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है।इसके साथ ही निर्माण एजेंसी पर नियमित पानी छिड़काव नहीं करने और सुरक्षा संकेतक नहीं लगाने का आरोप भी लगाया गया। नेताओं का कहना है कि सड़क पर धूल के गुबार और अव्यवस्थित निर्माण कार्य के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग …
युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई नेताओं ने मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। ज्ञापन में दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा नियम विरुद्ध पेटी कॉन्ट्रैक्ट और अवैध उत्खनन की भी विस्तृत जांच कराने की मांग उठाई गई।
सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी ….
प्रतीक सिंह ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर ठेकेदार और संबंधित जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अनिश्चितकालीन “काम रोको आंदोलन” और चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
कई कांग्रेस एवं एनएसयूआई पदाधिकारी रहे मौजूद . ..
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस महासचिव नीरज गुप्ता, जनपद सदस्य सी.बी. सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जीत गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष एनएसयूआई निशांत चौबे, अबरार अंसारी, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष संदीप सिंह, राजा साहू, आयुष सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

