यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में कार्रवाई करते हुए दिल्ली के एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7 किलो 724 ग्राम गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगदी सहित लगभग 4 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में गांजा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सघन वाहन जांच की जा रही है। इसी दौरान थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक RJ-20-BD-3334 को रोककर जांच की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा निवासी मुखर्जी नगर, दिल्ली बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग और पॉलिथीन से 7.724 किलो गांजा बरामद किया गया।
आरोपी गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।

