पन्ना जिले की रैपुरा पुलिस ने जुए के एक बड़े ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर रैपुरा निवासी विनय चनपुरिया के घर दबिश दी गई, जहां अंतर-जिला स्तर पर जुआ खिलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से नकद राशि सहित भारी मात्रा में लग्जरी गाड़ियां और मोबाइल बरामद किए हैं
14 लाख रुपए से अधिक का माल बरामद
पुलिस टीम ने जुआ फड़ से कुल 14,06,800 रुपए की संपत्ति जब्त की है। इसमें 1,73,300 रुपए नकद, 19 मोबाइल फोन (कीमत 1.83 लाख) और सात वाहन शामिल हैं। जब्त किए गए वाहनों में एक चारपहिया और छह दोपहिया गाड़ियां हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10.50 लाख रुपए बताई गई है
कटनी जिले से आते थे बड़े जुआरी
गिरफ्तार किए गए 20 आरोपियों में से 16 आरोपी पड़ोसी जिले कटनी के निवासी हैं। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विनय चनपुरिया अपने घर पर जुआ खिलाने के बदले कमीशन लेता था। बाहरी जिलों के जुआरियों की मौजूदगी से यहां लंबे समय से बड़े दांव लगाए जाने की पुष्टि हुई है।
जुआ अधिनियम के तहत केस
उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

