यशवंत गंजीर,धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से जुड़ी ₹35.85 लाख से अधिक मूल्य की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज कराई हैं। पुलिस के अनुसार जिले में पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत इस स्तर की कार्रवाई हुई है, जिसकी पुष्टि मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA ने 23 जुलाई को कर दी।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक और सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा निवेश, वाहनों तथा अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच के बाद NDPS Act की धारा 68F के तहत संपत्तियों को फ्रीज कर प्रकरण सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई के पहले प्रकरण में आरती रजक से संबंधित ₹12.93 लाख की बैंक जमा एवं निवेश राशि फ्रीज की गई। दूसरे प्रकरण में करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से जुड़ी ₹22.91 लाख मूल्य की बैंक जमा, वाहन एवं अचल संपत्तियां फ्रीज की गईं।
पुलिस के अनुसार सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष अपनी संपत्तियों के वैध आय स्रोत के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने धमतरी पुलिस के फ्रीजिंग आदेश को बरकरार रखा।
धमतरी पुलिस का कहना है कि अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पहले से NDPS Act एवं PITNDPS Act के तहत भी प्रकरण दर्ज हैं तथा भविष्य में भी नशे के अवैध कारोबार और उसके आर्थिक नेटवर्क के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।

