यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले की भखारा पुलिस और सायबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम कोसमर्रा में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपियों सहित चोरी का सोना गलाकर बिस्किट बनाने वाले रायपुर के एक सराफा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, 10 ग्राम सोने का बिस्किट और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद किए गए हैं।
एसपी सूरज सिंह के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कोसमर्रा निवासी प्रार्थी कृष्ण कुमार कोसरे 13 मई को अपने परिवार के साथ अभनपुर गए थे। 17 मई को लौटने पर उनके सूने मकान का ताला और आलमारी का लॉक टूटा मिला, जहां से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी हो चुके थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भखारा पुलिस और सायबर सेल ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर संदेही घनश्याम यादव (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने साथी हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी (25 वर्ष) के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कुबूल किया। दोनों ने सूने मकान में कुदाली से ताला तोड़कर जेवरात और नगदी पार किए थे।
पुलिस ने घनश्याम को पकड़ने के बाद रायपुर से दूसरे आरोपी हेमंत को भी गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हेमंत ने चोरी का सोने का गुलबंद रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी (30 वर्ष) को दिया था। ओमप्रकाश ने उक्त सोने को गलाकर उसका बिस्किट बना दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों—घनश्याम यादव, हेमंत मानिकपुरी और ओमप्रकाश सोनी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

