कटनी जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी–दमोह मुख्य मार्ग पर बारातियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के समय पिकअप में करीब 35 लोग सवार बताए जा रहे हैं। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में करीब 10 लोग घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य तेजी से किया गया और सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह घटना ओवरलोडिंग और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

