चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के चकिया रोड अलीनगर वार्ड न. 3 जिओ ऑफिस के बगल स्थित एक डिजिटल लाइब्रेरी में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची अलीनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार युवक नियमित रूप से उक्त लाइब्रेरी चलता था। शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव फंसी के फंदे से लटकता हुआ मिला जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। प्रारंभिक आशंका आत्महत्या की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने लाइब्रेरी संचालक समेत आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। मौके से किसी सुसाइड नोट की बरामदगी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

