यशवंत गंजीर, धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर हथौड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की शाम करीब 5:15 बजे ग्राम हसदा नंबर-1 स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने टीन शेड के नीचे चंद्रहास साहू अन्य ग्रामीणों के साथ बैठे थे। इसी दौरान गांव का देवलाल निषाद वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने लोहे की हथौड़ी से लगातार हमला कर दिया।
हमले के दौरान चंद्रहास साहू ने बचाव का प्रयास किया, जिससे वार सिर पर लगने के बजाय दाहिने जबड़े और दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं तथा हाथ में फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना एवं करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर रक्तरंजित कंक्रीट, नियंत्रण नमूना और खून से सना रूमाल सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए।
विवेचना के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी बरामद की गई। चिकित्सकीय रिपोर्ट में घायल की चोटों को गंभीर तथा फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी देवलाल निषाद (38 वर्ष), निवासी ग्राम हसदा नंबर-1 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई, जिससे प्रकरण को मजबूत बनाया गया है।

