कुरुद। धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र की छात्रा नेहा साहू का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रतिष्ठित ‘युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम’ (युविका-2026) के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
जानकारी के अनुसार, इसरो द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के लिए देशभर से सीमित संख्या में विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक प्रदर्शन, विज्ञान विषय में रुचि और अन्य मापदंडों को आधार बनाया जाता है। नेहा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर इस सूची में स्थान हासिल किया है।
कार्यक्रम के तहत नेहा को इसरो के विभिन्न अंतरिक्ष केंद्रों में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, जहां वे अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उससे जुड़े अनुप्रयोगों की जानकारी प्राप्त करेंगी। साथ ही वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में प्रयोगात्मक गतिविधियों में भाग लेंगी।नेहा ने बताया कि इसरो के साथ सीखने का यह अवसर उनके लिए महत्वपूर्ण है और इससे उन्हें भविष्य में अपने लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।
चयन की खबर मिलते ही उनके स्कूल, शिक्षकों और परिजनों में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।परिजनों और शिक्षकों ने इसे नेहा की मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

