कुरूद। भीषण गर्मी के बीच नगरवासियों को राहत देने की दिशा में कुरूद नगर पालिका ने एक सराहनीय पहल करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर नगर के 14 प्रमुख स्थानों पर नई पानी टंकियों का लोकार्पण किया। इस योजना के तहत सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोगों को गर्मी के दिनों में बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत चंडी मंदिर परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चन्द्राकर ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को जनकल्याण की प्रेरणा बताया।
नगर के बस स्टैंड, कारगिल चौक, नया बाजार, सब्जी बाजार, केनाल रोड, पोस्ट ऑफिस के पास, वीरनारायण चौक, पचरीपारा और अटल आवास सहित अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में इन टंकियों की स्थापना की गई है। यह कार्य 15वें वित्त, अध्यक्ष निधि और नगर पालिका निधि के समन्वय से पूर्ण किया गया।
अध्यक्ष श्रीमती चन्द्राकर ने बताया कि पूर्व में स्थापित 16 टंकियों के साथ अब नगर में कुल 30 स्थानों पर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का प्रयास है कि आमजन को पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर न रहना पड़े और केवल विशेष अवसरों पर ही टैंकरों का उपयोग हो।
उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल को ही अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चन्द्राकर का जन्मदिन भी था। इस अवसर पर उन्होंने इस जनहितकारी कार्य को नगरवासियों के लिए अपने जन्मदिन का उपहार बताया तथा विकास कार्यों में पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चन्द्राकर के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहु, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, पार्षद मिथिलेश बैस, सितेश सिन्हा, महेन्द्र गायकवाड़, मनीष साहु, कविता चन्द्राकर, रवि मानिकपुरी, अर्जुन ध्रुव, पूर्व पार्षद सुनील चन्द्राकर, भारत भूषण पंचायन, महिला मोर्चा अध्यक्ष धनेश्वरी निर्मलकर, युवा मोर्चा अध्यक्ष केशव चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।


